सकलडीहा पीजी कालेज में बुधवार को छात्रसंघ चुनाव सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त व छात्रों के गहमा गहमी के बीच हुआ। मतदान के बाद हुई मतगणना में सत्यप्रकाश यादव अध्यक्ष, प्रेमचंद उपाध्यक्ष, करन महामंत्री निर्वाचित घोषित किए गए । निर्वाचित पदाधिकारियों को प्राचार्य ने शपथ दिलाकर प्रमाण पत्र दिया। उसके बाद विजयी प्रत्याशियों को पुलिस ने उनके घर तक पहुंचा दिया।
पीजी कालेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान सुबह आठ बजे से आरंभ हुई जो दोपहर दो बजे तक चली। इस दौरान 1229 मतदाताओं में से 909 ने मत का प्रयोग किया। इस दौरान 263 मत अवैध घोषित किए गए। मतदान के बाद हुए मतगणना में 337 मत पाकर सत्यप्रकाश यादव ने आरएन यादव को 180 मतों से पराजित कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। प्रेमचंद यादव ने 417 मत पाकर विवेक कुमार को 277 मतों से पराजित करते हुए उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित किया गया। महामंत्री पद पर करन और अवनीश पांडेय के बीच कांटे की टक्कर रही। करन ने 341 मत पाकर अवनीश पांडेय को 30 मतों से पराजित किया। वहीं पुस्तकालय मंत्री पद पर सौरभ कुमार ने 379 मत पाकर नीरज को 79 मत से हराया।
कलासंकाय पद पर रोहित राय ने राहुल राय को 12 मतों के मामूली अंतर से हराकर पद पर कब्जा किया। निर्वाचित पदाधिकारियों को प्राचार्य ने पद की शपथ दिलाई और उनसे छात्रहित में कार्य करने की अपील की। चुनाव के दौरान एसडीएम जितेंद्र कुशवाहा, सीओ चिरंजीवी मुखर्जी, कोतवाल विनय कुमार, बलुआ थानाध्यक्ष साजिद सिद्दीकी आदि रहे।