पीडीडीयू नगर। नौगढ़ थाना क्षेत्र के डुमरिया मोड़ पर 19 अक्तूबर को सड़क हादसे में घायल सैलून संचालक की शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के देवखत गांव निवासी सिराजुद्दीन का बेटा निजामु (27) सैलून चलाता था। 19 अक्तूबर को वह सामान लेने सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज गया था।
शाम को बाइक से घर लौटते समय रात करीब आठ बजे डुमरिया मोड़ के पास सड़क पर अचानक एक जंगली जानवर आ गया था। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई थी। हादसे में निजामु के सिर में गंभीर चोट लगी थी और वह लहूलुहान हो गया गया।
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से उसे स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया था। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया था।
वहां पांच दिनों तक इलाज चलने के बाद शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि इलाज के दौरान युवक की मौत हुई है। मामले में कार्रवाई की जा रही है। संवाद