चंदौली। ग्राम्य विकास तथा पंचायती राज विभाग की तरफ से कराए गए विकास कार्याें की कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ आर जगत सांई की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को हुई बैठक में समीक्षा की गई। इस दौरान सीडीओ ने कार्य में लापरवाही की शिकायत मिलने पर तीन ग्राम पंचायत सचिवों का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों को हर ब्लॉक में योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर तरीके से करने की हिदायत दी। उन्होंने ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की तरफ से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देकर लोगों को जागरूक करें। ताकि पात्र लोग योजनाओं का लाभ ले सकें। समीक्षा के दौरान सीडीओ ने कार्य में लापरवाही बरतने पर तीन ग्राम पंचायत सचिवों देवेंद्र कुमार भारती, आलोक कुमार मिश्र तथा आर बी यादव का वेतन रोकने का निर्देश दिया। बैठक में सभी बीडीओ, डीडीओ, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, उपायुक्त श्रम रोजगार, उपायुक्त स्वतः रोजगार, डीपीआरओ, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी पंचायत आदि मौजूद रहे।