चंदौली जिले की सैयदराजा पुलिस ने लूट और छिनैती की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक, एक नकली पिस्टल, लूटी गई सोने की चेन बेचकर प्राप्त 62,700 रुपये नकद तथा लूटा गया टच स्क्रीन मोबाइल बरामद किया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई की भोर करीब 3:05 बजे जेवरियाबाद निवासी रामनेती सिंह अपने चचेरे भाई के साथ सैयदराजा-जमानिया एनएच-24 के किनारे खेत की सिंचाई के दौरान कार में सो रहे थे। तभी बाइक सवार दो युवकों ने कार का शीशा खटखटाया। शीशा नीचे करते ही आरोपियों ने असलहे जैसी वस्तु दिखाकर धमकाया और उसकी बट से हमला कर गले से सोने की चेन छीन ली। विरोध करने पर उनके चचेरे भाई के साथ भी मारपीट की गई और हवाई फायरिंग करते हुए दोनों फरार हो गए। मामले में सैयदराजा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर चंदौली कस्बे के पावर हाउस के पास से करन सिंह उर्फ बीरू (23 वर्ष) और अमन सिंह उर्फ शेरू (24 वर्ष), दोनों निवासी भुवालपुर जेवरियाबाद, थाना सैयदराजा, को गिरफ्तार कर लिया।
इसे भी पढ़ें; Bhadohi News: छह साल की मासूम के साथ दुष्कर्म, नाबालिग पड़ोसी ने बनाया हवस का शिकार; पुलिस ने दबोचा
पूछताछ में आरोपियों ने लूट की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने सोने की चेन बेच दी थी और किसी अन्य वारदात की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल (UP67 AQ 3621), तेज आवाज करने वाली नकली पिस्टल, लूटी गई चेन बेचकर मिले 62,700 रुपये और एक टच स्क्रीन मोबाइल बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ वाराणसी और चंदौली के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।