पीडीडीयू नगर। लाकडाउन के चलते तीन महीने से बंद संरक्षा पुरस्कार अब अनलाक वन में बेहतर काम करने वाले कर्मचारियों को दिया जा रहा है। बुधवार को पीडीडीयू रेल मंडल के सभागार में मई- 2020 में मंडल में संभावित रेल दुर्घटनाओं को बचाने में योगदान करने वाले रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक पंकज सक्सेना ने ऐसे 11 रेलकर्मियों को बुधवार को मंडल सभागार में मेडल एवं प्रशस्ति पत्र से पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इसके पहले मंगलवार को मार्च और अप्रैल में रेल दुर्घटनाओं को रोकने वाले 12 रेल कर्मियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक राकेश कुमार रोशन, सीनियर मंडल विद्युत अभियंता (परिचालन) इन्दु प्रकाश, सीनियर मंडल संरक्षा अधिकारी के.एन.सिंह यादव, सहायक विद्युत अभियंता शकील अहमद एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
वहीं दूसरी ओर बुधवार को श्रमिकों द्वारा पं.दीन दयाल उपाध्याय मंडल के पहलेजा स्टेशन के गुड्स शेड में नमक की अनलोडिंग तथा अनुग्रह नारायण रोड गुड्स शेड में सीमेंट की लोडिंग की गयी। डीआरएम ने बताया कि मालगाड़ियों के परिचालन के साथ-साथ श्रमिक स्पेशल और एसी स्पेशल के बाद 01 जून से भारतीय रेल द्वारा 200 स्पेशल ट्रेनों का परिचालन जारी है।