रेलवे सुरक्षा बल के डीआईजी एस लुईस अमुतन ने रविवार की दोपहर पीडीडीयू जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके पूर्व उन्होंने आरपीएफ लाइन में पहुंचकर जवानों की समस्याएं सुनी और समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने डॉग स्कवायड में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रविवार की सुबह यहां पहुंचने पर जवानों ने डीआईजी को सलामी दी। लाइन में आयोजित सुरक्षा सम्मेलन में आरपीएफ जवानों की समस्याएं सुनी। जवानों से पूरे मनोयोग से ड्यूटी करने को कहा। कहा कि रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के साथ संवेदना जरूरी है। सम्मेलन के बाद वह पीडीडीयू जंक्शन पहुंचे और यहां सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त जेतिन बी राज, निरीक्षक पीडीडीयू पोस्ट संजीव कुमार आदि उपस्थित रहे। उधर, पुलिस अधीक्षक रेलवे अष्टभुजा सिंह ने रविवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय जीआरपी कोतवाली का निरीक्षण किया। इसके पूर्व उन्होंने सेंट्रल कॉलोनी में स्थित जीआरपी बैरक में वस्तुस्थिति का जायजा लिया। बैरक के अच्छे रख रखाव के लिए जीआरपी को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की। इसके पूर्व कोतवाली में एसपी को सलामी दी गई। वहीं सुरक्षा सम्मेलन में एसपी ने जीआरपीकर्मियों की समस्याएं सुनी और समाधान का आश्वासन दिया। वहीं जीआरपी कर्मियों को रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा संवेदना के साथ करने का निर्देश दिया। इस मौके पर सीओ कुंअर प्रभात सिंह, प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह, अतिरिक्त निरीक्षक अवधेश मिश्र, विपिन यादव, एसआई संदीप राय, मुन्नालाल आदि रहे।