चहनियां में मारपीट करते लोग। स्रोत:-सोशल मीडिया
स्थानीय कस्बे में शुक्रवार को सुबह दो बुलेट से आए मनबढ़ों ने एक पिकअप चालक की पिटाई कर दी। एक आरोपी ने असलहा निकाल कर हवा में लहराया। इससे बाजार में खलबली मच गई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी ने पहले भी एक स्वर्ण व्यवसायी को पीटा था।
धानापुर थाना क्षेत्र के हिंगुतरगढ़ निवासी सुधांशु सिंह, बाबा सिंह और बुल्लू सिंह सुबह दो बुलेट पर सवार होकर चहनिया कस्बे में चौराहे पर पहुंचे थे। बीच सड़क पर बुलेट खड़ी कर तीनों बातें करने लगे। इसी बीच एक पिकअप चालक वहां पहुंचा और बीच सड़क पर बुलेट देख कर उसने हॉर्न बजाया। इसके बाद भी तीनों ने बुलेट नहीं हटाई। इसके बाद पिकअप चालक बुलेट के बगल से अपनी गाड़ी निकालने लगा। यह बात तीनों को नागवार गुजरी और उन्होंने पिकअप चालक की पिटाई कर दी। इसी दौरान सफाई कर्मी कल्लू यादव अपनी बाइक पर लाठी लगी झाड़ू लेकर पहुंचा तो तीनों उससे भी उलझ गए। इस बीच पिकअप चालक मौका देख कर वहां से भाग निकला। कल्लू से मारपीट होती देख आसपास के लोग दौड़े तो एक आरोपी ने असलहा निकाल लिया और हवा में लहराने लगा। इसी बीच किसी ने बलुआ थाने पर फोन कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस तीनों आरोपियों को पकड़कर थाने ले गई। बताया जाता है कि एक आरोपी ने पिछले दिनों चहनिया में स्वर्ण व्यवसायी राहुल सेठ से 80 हजार रुपये के गहने उधार लिए थे। रुपये मांगने पर 21 जून की शाम को उसने राहुल सेठ को एक लॉन में बुलाकर जमकर पिटाई की थी। इस संबंध में सीओ सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि मारपीट और असलहा लहराने के मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।