सकलडीहा। जिला प्रशासन की ओर से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की गाइड लाइन जारी करने के बाद भी लोग बेपरवाह बने हुए हैं। कोरोना जैसी संक्रामक महामारी को लेकर उनमें गंभीरता नहीं दिख रही है। मंगलवार की सुबह स्थानीय रोडवेज बस स्टैंड से लेकर कोतवाली के बाहर तक लोगों की भारी भीड़ लगी रही। इसके प्रति विभागीय अधिकारी भी मौन साधे रहे। क्षेत्र के समाजसेवीयों व कोरोना वारियर्स ने जिला प्रशासन से सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन करने की मांग की है।
कोरोना जैसी संक्रामक बिमारी की रोकथाम को लेकर कोतवाली के पुलिसकर्मी लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, मास्क पहनने व सेनेटाइजर का प्रयोग करने की अपील कर रही है। बावजूद इसके कोतवाली के बाहर ही सुबह से शाम तक फरियादियों की भीड़ सोशल डिस्टेंसिंग की अनदेखी करती दिख रही है। इसके अलावा रोडवेज बसों के संचालन से जहां ग्रामीण अंचल के लोगों को काफी राहत मिली है वहीं रोडवेज बसों में लोगों की भारी भीड़ दिख रही है। समाजसेवियों व कोरोना वारियर्स ने कोरोना जैसी संक्रामक महामारी को लेकर चिंता जताते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन कराने की मांग की है। रोडवेज के क्षेत्रीय सहायक प्रबंधक मुकेश कुमार ने बताया कि बसों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सीमित संख्या में सवारी बैठाने का निर्देश दिया गया है। लापरवाही मिले पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।