ताराजीवनपुर। पीडीडीयू नगर से चहनिया जाने वाले मुख्य मार्ग पर पटपरा गांव के समीप मरम्मत कार्य शुरू तो कर दिया गया लेकिन लगभग दो किलोमीटर लंबी सड़क रेलवे के क्षेत्र में होने से इसका मरम्मत कार्य रुका हुआ है। वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत में आने वाली बाधाओं को दूर कर कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
पीडीडीयू नगर से चहनिया को जाने वाले मुख्य मार्ग के गड्ढों में तब्दील हो जाने के कारण लंबे अरसे से इसकी मरम्मत कराए जाने की मांग की जा रही थी। सड़क की मरम्मत तो शुरू हो गई है लेकिन लेकिन पीडीडीयू नगर से पटपरा तक लगभग दो किलोमीटर सड़क की मरम्मत नहीं हो पा रही है। राहगीरों व रेलकर्मियों की मांग पर पिछले दिनों सड़क पर गड्ढा भरने का काम किया गया लेकिन यह भी बंद कर दिया गया है। इससे आए दिन सफर करते समय राहगीर व रेलकर्मी गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इसको लेकर उदयभान सिंह, दीपू यदव, सिंटू गोंड, रमेश कुमार, संजय कुमार सहित तमाम लोगों ने रोष व्यक्त किया है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजेश कुमार ने बताया कि सड़क पर तेजी से मरम्मत कार्य चल रहा है। यदि किसी प्रकार की बाधा आती है तो उसे दूर कर कार्य पूरा करा लिया जाएगा।