पीडीडीयू नगर। पड़ाव से पीडीडीयू नगर और पीडीडीयू नगर से गोधना तक करीब 350 करोड़ की लागत से सिक्स लेन और फोर लेन सड़क बन रही है। अब इस परियोजना ने दुलहीपुर में भी रफ्तार पकड़ ली है। दुलहीपुर में स्थानीय लोगों के विरोध के कारण कई महीनों तक रुका काम एक महीने पहले फिर से शुरू हुआ था। शनिवार को पीक्यूसी मशीन की मदद से मुख्य सड़क निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया।
दुलहीपुर क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण को लेकर भूमि और संरचनाओं के मुआवजे सहित कई मुद्दों पर लोग आपत्ति जता रहे थे, जिससे निर्माण बाधित हो रहा था। अधिकारियों द्वारा लगातार संवाद और समाधान के प्रयासों के बाद आखिरकार निर्माण कार्य का रास्ता साफ हुआ। पीक्यूसी मशीन के लगने के साथ ही सड़क निर्माण तेज गति से आगे बढ़ने लगा है। परियोजना अधिकारियों का कहना है कि अब काम पूरी क्षमता से चलाया जाएगा, ताकि निर्धारित समय सीमा में सड़क जनता को समर्पित की जा सके।