विधानसभा चुनाव के लिए जिला प्रशासन द्वारा वाहनों के अधिग्रहण किए जाने से मंगलवार को लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिसमें सबसे ज्यादा परेशानी ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को हुई। कुछ सवारी वाहन जो सड़क पर नजर तो आये, तो मनमाना किराया वसूल करते रहे।
जनपद में मतदान कराने के लिए जिला प्रशासन ने छोटे व बड़े कई वाहनों का अधिग्रहण किया है। जिससे जनपद में सवारी वाहनों की कमी हो गयी है। मुगलसराय में सबसे ज्यादा परेशानी दूरदराज क्षेत्रों से ट्रेन पकड़ने के लिए आने वाले यात्रियों को हुई। वाहन नहीं मिलने के चलते यात्रियों को घंटों तक वाहन स्टैंड पर गाड़ी करना पड़ा। सकलडीहा से मुगलसराय आए उमेश यादव ने बताया कि दो घंटे तक इंतजार के बाद उन्हें गाड़ी मिल पायी। कंदवा संवाददाता के अनुसार क्षेत्र में सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं ,मरीजों ,और वृद्धों की आवागमन में हुई । घोसवा गांव के बुजुर्ग हरि प्रसाद सिंह, कम्हरिया के ओम प्रकाश सिंह का कहना है कि साधन के भाव में काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। जिला प्रशासन को चुनाव के साथ-साथ लोगों की सुविधाओं पर भी ध्यान देना चाहिए। चहनियां संवाददाता के अनुसार क्षेत्र स्थित वाहन स्टैंड पर सवारी वाहनों का काफी टोटा रहा। जिससे दूर दराज से आने वाले लोगों को काफी दिक्कत हुई। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं, बच्चों ,वृद्ध और मरीजों को भी पैदल चलने को मजबूर होना पड़ा।