चंदौली जनपद के चहनिया बाजार में सोमवार को स्टेट बैंक के पास ऑटो ने बाइक में धक्का मार दिया। इससे सड़क पर पैदल जा रही एक महिला घायल हो गई। वहीं ऑटो के धक्के से चार अन्य लोग भी घायल हुए। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया।
कस्बा निवासी सेचन राम (30) अपने पिता नाथूराम, बुआ रामा देवी व भतीजी चांदनी (20) को बाइक पर बैठाकर धानापुर की तरफ से आ रहा था। उसी समय सवारियों से भरा एक ऑटो तेज गति से धानापुर की तरफ जा रहा था। स्टेट बैंक के पास ऑटो ने सामने से आ रही बाइक में जोरदार धक्का मार दिया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और उसने बाजार की तरफ से पैदल आ रही हीरा देवी (45) को टक्कर मार दी। इससे हीरा सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। वहीं बाइक सवार लोग भी गिरकर घायल हो गए।