शुक्रवार की अलसुबह झांसी के समीप नेशनल हाइवे पर ट्रक और कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी।सूचना के बाद मौके पर पहुची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से सभी को पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचाया।
चंदौली जिले के झांसी गांव के समीप नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। इससे पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। चार लोगों की हालत गंभीर है। इनका इलाज वाराणसी ट्रामा सेंटर में चल रहा है। परिवार बिहार के रोहतास से विंध्याचल दर्शन के लिए जा रहा था। गाड़ी चला रहे युवक को झपकी लगने से हादसा हुआ।
विज्ञापन
रोहतास जिले के बघौल थाना क्षेत्र के विश्वंभरपुर गांव निवासी राजकिशोर सिंह (35) अपने पुत्र आरूष सिंह (5), मदैना गांव निवासी साले शैलेष पटेल (22) और महिलाओं में शारदा (45), राधिका (65), रुचि (16), खुशबू (17) के साथ कार से विंध्याचल जा रहे थे। गाड़ी राजकिशोर सिंह का भांजा दीपक चला रहा था।
दीपक ने बताया कि जैसे ही गाड़ी सदर थाना क्षेत्र के झांसी के पास पहुंची उसको झपकी आ गई। इससे गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। मौके पर ही राजकिशोर सिंह, आरूष और शैलेष पटेल की मौत हो गई। शारदा, राधिका, रुचि और खुशबू की हालत गंभीर है। सदर थाने के इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि तीन लोगों की मौत हुई है। घायलों का इलाज चल रहा है।
नेशनल हाईवे पर शुक्रवार की सुबह हुए हादसे का कारण कार का ओवरलोड होना भी था। इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि कार में आठ लोग सवार थे। किसी ने सीट बेल्ट नहीं लगाया था। चालक दीपक ने सीट बेल्ट लगाया था। इससे वह बाल बाल बच गया।