पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मालगोदाम रोड पर शुक्रवार की रात 12:30 बजे मिट्टी लदे ट्रैक्टर की टक्कर से रिक्शा सवार लोको पायलट विजय कुमार की मौत हो गई। वहीं, रिक्शा चालक घायल हो गया। लोको पायलट कानपुर से विक्रमशिला एक्सप्रेस लेकर आए थे। ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह रनिंग रूम में जा रहे थे। हादसे के बाद ट्रैक्टर छोड़कर चालक भाग गया। कानपुर नगर के कल्याणपुर आंबेडकरपुरम निवासी विजय कुमार (40) लोको पायलट के पद पर कानपुर में तैनात थे। वह डाउन विक्रमशिला एक्सप्रेस लेकर शुक्रवार की रात पीडीडीयू जंक्शन पहुंचे थे। ड्यूटी खत्म होने के बाद वह 12.30 बजे रिक्शा से रनिंग रूम जा रहे थे। मालगोदाम रोड पर राममंदिर मोहल्ले में पीछे से तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रिक्शे को टक्कर मार दी। इससे रिक्शा चालक के और लोको पायलट घायल हो गए। हादसे के बाद मिट्टी लदे ट्रैक्टर को छोड़कर चालक भाग गया। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों घायलों को लोको मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने लोको पायलट को ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, रिक्शा चालक डेढ़गांवा निवासी उमाकांत (50) को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। ट्रॉमा सेंटर बीएचयू पहुंचने पर डॉक्टरों ने लोको पायलट को मृत घोषित कर दिया। सीओ अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि लंका पुलिस ने लोको पायलट के शव को कब्जे में ले लिया है। वहीं, ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।