पीडीडीयू नगर। मौसम ने शनिवार की रात फिर से करवट बदली। भोर में पांच बजे गरज-चमक के साथ आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। इस बीच जगह-जगह तार टूटने से पूरे नगर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे सुबह पेयजल संकट से भी लोग परेशान रहे। छह घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई। मौसम में बदलाव होने से पिछले पांच दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे चल रहा है। वहीं रात में हवा चलने से नमी बढ़ गई थी। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदलने से पारा लुढ़का है। शुक्रवार की रात बादल छाने के साथ हवाएं चलने लगीं। इसके बाद भोर में करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। इस बीच लाठ नंबर दो के पास 11 हजार वोल्ट का तार टूटने से लाठ नंबर एक, लाठ नंबर दो, न्यू महाल, कसाब महाल, काली महाल, चतुर्भुजपुर समेत कई मुहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। वहीं, जंपर उड़ने से ईस्टर्न बाजार, वेस्टर्न बाजार, मैनाताली, चंदासी समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली गुल रहने से सुबह पानी आपूर्ति नहीं हो सकी। इससे लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ा। बिजली कर्मियों ने मरम्मत के बाद करीब 11 बजे बिजली आपूर्ति बहाल की। इसके बाद भी कुछ इलाकों में बिजली की आवाजाही लगी रही। चंदासी विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ मनोज कश्यप ने बताया कि बारिश के दौरान तार टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। वहीं, बारिश के बाद भोर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री पहुंच गया था लेकिन सुबह तेज धूप निकलने पर उमस से लोगों परेशान रहे। शनिवार को अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम 27 डिग्री रहा।