नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना गांव के पास हाईवे की सर्विस लेन पर शुक्रवार को एक ट्रेलर ने सेवानिवृत्त रेलकर्मी शिवधारी पाठक (72) को कुचल दिया। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसा सड़क पार करते समय हुआ। घटना की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, ट्रेलर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रही है।
गोधना गांव निवासी शिवधारी पाठक सेवानिवृत्त रेलकर्मी हैं। वह गांव में स्थित एक ढाबे के पास से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान सर्विस लेन पर एक चालक अपने ट्रेलर को पीछे की ओर ले जाने लगा, जिसकी चपेट में शिवधारी पाठक आ गए। इससे मौके पर उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोगों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही परिजन भी रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए। बुजुर्ग की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची अलीनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद पुलिस ने ट्रेलर को भी कब्जे में ले लिया है। अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह ने बताया कि ट्रेलर की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हुई है।
वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच-की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।