भविष्य ज्योति सम्मान से सम्मानित छात्र-छात्राएं प्रमाण-पत्र और मेडल के साथ्ा।
अमर उजाला और तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को भविष्य ज्योति सम्मान का आयोजन सनबीम स्कूल दुलहीपुर में किया गया। इसमें जनपद की प्रतिभाओं को सम्मानित कर उन्हें उज्जवल भविष्य की राह दिखाई गई। 12वीं के बाद छात्र-छात्राएं क्या करें, इस पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। टीएमयू से आई विशेषज्ञों की टीम ने छात्र-छात्राओं को उनके भविष्य के प्लेटफार्म के लिए अपने विचार रखे। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक डा. मालती राय ने दीप जलाकर किया। कार्यक्रम के दौरान सनबीम स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रस्तुत कर लोगों का दिल जीत लिया।
उन्होंने कहा कि युवा हमारे देश के भविष्य हैं। इनमें समाज में बेहतरी के लिए परिवर्तन की उम्मीद छिपी है। कहा कि अमर उजाला और टीएमयू के इस प्रयास से छात्रों के लिए उच्च शिक्षा की राह आसान होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. मालती राय, सनबीम स्कूल की सचिव श्वेता कानूडिया और प्रधानाचार्य सीके पालित ने लकी ड्रा के माध्यम से तीन मेधावियों का स्कालरशिप के लिए कूपन निकाला और उन्हें मेडल देकर सम्मानित किया। स्कालरशिप के लिए प्रथम रही जन्नत परवीन को 15 हजार, दूसरे स्थान पर रहे संतोष कुमार को 10 हजार और तीसरे स्थान पर रहे राकेश कुमार गौतम को पांच हजार का लाभ दिया जाएगा। यह स्कालरशिप मेधावियों को टीएमयू में एडमिशन लेने के समय फीस में छूट के तौर पर दी जाएगी।
टीएमयू से आए मनीष तिवारी ने बताया कि यह यूनिवर्सिटी युवाओं के किसी भी सपने को साकार करने में सहायक है। कहा कि विश्वविद्यालय में इंटरनेट, हास्टल आदि सुविधाएं मौजूद हैं। प्रो. पारितोष ने कहा कि टीएमयू एक ऐसी संस्था है जहां बीबीए के लिए जॉब के दरवाजे खुले हैं।
बताया कि टीएमयू में एमबीबीएस, बीडीएस को छोड़कर किसी भी बोर्ड से 80 प्रतिशत अंक पाने वाले छात्रों को किसी भी कोर्स में 50 प्रतिशत की स्कालरशिप दी जाएगी। प्रो. संदीप वर्मा ने कहा कि टीएमयू में कंप्यूटर, मेडिकल, पत्रकारिता समेत 133 कोर्स संचालित हो रहे हैं। प्रोफेसर रवि जैन ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए युवाओं को टिप्स दिए। समारोह के बाबत इन नंबरों 9568516000, 8881136836, 9528525045 पर फोनकर जानकारी ली जा सकती है।