सकलडीहा। क्षेत्र के बरठीं गांव में रविवार को बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया गया।
मुख्य अतिथि अनुसूचित टीचर वेलफेयर एसोसिएशन के जिला उपाध्यक्ष अरुण रत्नाकर ने कहा कि कांशीराम ने आजीवन दलितों व पिछड़ों के लिए संघर्ष किया उनका व्यक्तित्व प्रेरणादायी है। सभी को उनके सपनों को पूरा करने के लिए सतत संघर्षशील रहना चाहिए। कहा कि उपेक्षितों के हक की लड़ाई लड़ना ही कांशीराम के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अध्यक्षता कर रहे गिरिजेश दादा ने कहा कि बसपा की स्थापना का मुख्य उद्देश्य ही समाज के आखिरी पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने का रहा है। इस मौके पर राजेश कुमार, चंद्रजीत, निरंजन बौद्ध, अमर बहादुर, अजय यादव, छात्रसंघ अध्यक्ष ऋषिकेश भारती, शिवपूजन टेलर, अवनीश कुमार, उपेंद्र कुमार रहे। संचालन दीनबंधु दीनानाथ ने किया।