गंवई राजनीति से ऊपर उठकर गरीब जनता के विकास के लिए कार्य करना चाहिए। गरीबों को अधिक से अधिक लाभ हो, इसका दायित्व जनप्रतिनिधियों पर है। प्रदेश सरकार के जनप्रतिनिधि गरीबों को छलने का काम कर रहे हैं। उक्त बातें भाजपा सांसद डा. महेंद्रनाथ पांडेय ने शनिवार को मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि गरीबों के विकास के लिए जिला प्रशासन के लोग ध्यान नहीं दे रहे हैं। गांव के गरीब जनसुनवाई के दौरान आवास के लिए गुहार लगा रहे है। यह एक चिंता का विषय है। आवास के बाबत जल्द ही सीडीओ और डीएम को पत्र के माध्यम से गरीब लाभार्थियों को लाभान्वित करने के लिए अपने निजी सचिव को निर्देश दिया।
नियामताबाद ब्लाक के गंगेहरा गांव निवासी रामजन्म ने जनसुनवाई के दौरान सांसद से कहा कि मेरा नाम बीपीएल सूची में है। झोपड़ी है, लेकिन आवास योजना का लाभ नहीं मिला। क्षेत्र के तमाम लोगों ने सांसद से मुलाकात की और अपनी समस्याएं नके समक्ष रखीं।
सांसद ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि गांव के गरीबों को न्याय दिलाने के लिए वह सहयोग करें। गांवों में जाकर ग्रामीणों की समस्या को सुने और निराकरण के लिए अधिकारियों से मिले।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कुशवाहा, मीडिया प्रभारी प्रमोद तिवारी, अनिल तिवारी, डा. हरेंद्र राय, राणा प्रताप सिंह, साधना सिंह, अभिमन्यू सिंह, सूर्यमुनी तिवारी आदि उपस्थित रहे।