कंदवा। क्षेत्र के अरंगी गांव स्थित सर्वोदय इंटर कालेज में शिक्षक दिवस के पूर्व संध्या पर शनिवार को देश के दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान विद्यालय के बच्चों ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की शुरूआत प्रधानाचार्य डॉ. कृष्णकांत तिवारी ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस मौके पर उन्होंने बच्चों को डॉ. राधाकृष्णन के कृतित्व एवं व्यक्तित्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बच्चों से उनके पदचिह्नों पर चलने का आह्वान किया। इस दौरान विद्यालय के पूर्व शिक्षक धनंजय सिंह को अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. कृष्णकांत तिवारी ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन महान दार्शनिक, कुशल शिक्षाविद और उच्च कोटि के विचारक थे। उनका आदर्श हम शिक्षकों के लिए अनुकरणीय है। इस अवसर पर सियाराम सिंह, राजकुमार सिंह, त्रिवेणी राम, रमेशचंद्र दूबे, गिरिराज द्विवेदी, सच्चिदानंद पांडेय, श्वेता सिंह, कौशलेंद्र तिवारी, केके सिंह, उद्धव तिवारी, ध्रुव पांडेय, आनंद शर्मा रहे ।