चंदौली। लॉक डाउन के दौरान लोगों को राहत सामाग्री और जरुरी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार कार्य कर रहे है। अब तक जिला प्रशासन की ओर से तीन लाख से अधिक राशनकार्ड धारकों तथा अन्य को खाद्यान्न दिया जा चुका है। वहीं लगभग छह हजार श्रमिकों के खाते में एक-एक हजार रुपये का भुगतान किया गया है। ताकि लोगों को लॉक डाउन के दौरान किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।
कोराना वायरस के संक्रमण को देखते हुुए देश में लॉक डाउन किया गया है। ऐसे में लोगों को जरुरी सुविधाएं देने के लिए शासन ने जिला प्रशासन को जिम्मेदारी दी है। जिला प्रशासन ने एक लाख सक्रिय मनेगा मजदूरों, श्रम विभाग में पंजीकृत कामगारों तथा पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्ड धारकों को नि:शुल्क राशन वितरित किया है। वहीं शहरी क्षेत्र में 2645 तथा ग्रामीण क्षेत्र में 3328 श्रमिकों को आपदा राहत सहायता योजना के तहत एक-एक हजार रुपये उनके खाते में भेजा गया है। इसके अलावा 9673 लाभार्थियों को उज्जवला योजना के तहत नि:शुल्क रसोई गैस सिलेंडर दिया गया। वहीं गरीब वर्ग के लोगों को भोजन देने के लिए 13 सरकारी कम्युनिटी कि चन संचालित है। इसके अलावा 14 स्वंय सेवी संस्थाओं के द्वारा लगातार जरुरतमंदों में भोजन पैकेट बांटा जा रहा है।
डीएम नवनीत सिंह चहल ने बताया कि लॉक डाउन के दौरान जिले में कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं रहेगा। ऐसे लोगों को चिन्हित करके रोजाना भोजन का पैकेट उपलब्ध कराया जा रहा है। लोग लॉक डाउन का पूरी तरह पालन करें और सोशन डिस्टेसिंग बनाकर रखें। अपने घर के अलावा आसपास साफ-सफाई जरुर करें। इससे बीमारी के पनपने की संभावना खत्म हो जाएगी।