चंदौली। आकांक्षी ब्लॉक चहनिया के 12 परिषदीय विद्यालयों में मिशन कायाकल्प के विकास कार्य की प्रगति काफी धीमी है। इन विद्यालयों में शौचालय निर्माण, पानी की व्यवस्था और टाइल्स लगाने का काम रुका हुआ है। डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने यह सारे काम सात दिनों में पूरा करने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया है। वे शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बीएसए और डीआइआएस को भी निर्देशित किया।
जिले के परिषदीय विद्यालयों में मिशन कायाकल्प के तहत बच्चों की सुविधा के लिए शौचालय, पेयजल सहित कुल 19 मानकों को पूरा करने के लिए अभियान चलाकर काम कराया जा रहा है। नीति आयोग के तहत आकांक्षी ब्लॉक चहनिया के 14 परिषदीय विद्यालयों में पानी की सप्लाई, टाइल्स और शौचालयों के काम की गति धीमी होने पर जल्द से पूरा कराने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी को सात दिनों की मोहलत दी गई है। इसके अलावा जिलाधिकारी ने विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति को बढ़ाने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया।
बैठक में शामिल जिला विद्यालय निरीक्षक को जिले के 256 माध्यमिक विद्यालयों में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल के मैदान की व्यवस्था कराने के लिए कहा। इस संबंध में समतलीकरण या बाउंड्रीवाल के काम के लिए मनरेगा से सहयोग के लिए कहा। इस दौरान नीति आयोग से जुड़े प्रतिनिधियों ने शिक्षा विभाग के तहत बच्चों की सीखने की विधि में सुधार करने के संबंध में प्रजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एस एन श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।