चंदौली। लॉक डाउन के दौरान राशन कार्ड धारकों, मनरेगा के सक्रिय मजदूरों, श्रम विभाग में पंजीकृत कामगारों तथा चिन्हित दिहाड़ी मजदूरी करने वाले लोगों को एक मई से कोटे की दुकानों से नि:शुल्क खाद्यान्न वितरित होगा। वितरण के दौरान डीएम की ओर से नामित अफसर भी सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर मौजूद रहेंगे। वहीं पात्र गृहस्थी योजना के तहत राशन कार्ड धारकों को निर्धारित मूल्य पर खाद्यान्न उपलब्ध होगा।
जिले में 52 हजार से अधिक लोग अंत्योदय योजना के तहत राशन कार्ड धारक हैं। वहीं 13 हजार से अधिक नवीनीकृत कामगार श्रम विभाग में पंजीकृत है। जबकि 70 हजार से अधिक लोग मनरेगा में सक्रिय रुप से कार्य करते हैं। वहीं दस हजार दिहाड़ी मजदूरों को जिला प्रशासन ने चिन्हित किया है। अप्रैल माह में ऐसे लोगों को कोटे की दुकानों से नि:शुल्क राशन वितरित किया गया था। अब एक मई से भी इन सभी को नि:शुल्क खाद्यान्न दिया जाएगा। इस दौरान पंचायत सचिव, लेखपाल तथा संबंधित अधिकारी कोटे की दुकानों पर मौजूद रहेंगे। वहीं नामित नोडल अधिकारी ब्लाक क्षेत्र में भ्रमण करके डीएम को वितरण की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि एक मई से सभी कोटे की दुकानों से राशन का वितरण शुरु हो जाएगा। जो 15 मई तक सभी लाभार्थियों को वितरित करने तक चलेगा। बताया कि वितरण के दौरान दुकान पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन तथा सैनिटाइजर की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी कोटेदारों की होगी।