नियामताबाद। पीडीडीयू नगर एसडीएम विराग पांडेय ने शनिवार को अलीनगर थाना क्षेत्र के बरहुली गांव के सिवान में भारतमाला परियोजना के ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की जमीन पर अवैध रूप से खोदाई कर रहे रैपर को सीज कर दिया। वहीं, ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर चालक फरार हो गए। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे को सूचना मिली कि अलीनगर थाना क्षेत्र के बरहुली गांव के सिवान में भारतमाला परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि पर कुछ लोग अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई कर रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम विराग पांडेय को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। तत्पश्चात एसडीएम रिंग रोड के समीप बरहुली गांव के सिवान में भारतमाला परियोजना के लिए अधिग्रहित जमीन पर पहुंचे। जहां एक रैपर से खुदाई कर ट्रैक्टर ट्रॉली पर मिट्टी लादी जा रही थी। एसडीएम को देखते ही मौका पाकर ट्रैक्टर ट्राली चालक वाहन लेकर फरार हो गए। वहीं मौके पर खुदाई कर रहे रैपर को एसडीएम ने सीज कर अलीनगर पुलिस को सौंप दिया। एसडीएम विराग पांडेय ने बताया कि अवैध मिट्टी खनन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। जो लगातार जारी रहेगी। भारतमाला परियोजना के लिए अधिग्रहीत भूमि पर रैपर से खुदाई हो रही थी। मौके से चालक ट्रैक्टर ट्राली लेकर चालक भाग गए हैं। रैपर को सीज कर दिया गया है।