चहनिया चौराहे पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जा रही है। इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
चहनिया चौराहा जमानिया, गाजीपुर से बनारस व बिहार प्रान्त के आने जाने वाले लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके अतिरिक्त, जनपद के स्थानीय लोग भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।
चौराहे के इर्द-गिर्द पटरियों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों के अव्यवस्थित खड़े होने से जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। चौराहे के आस पास ठेले-खोमचे और अन्य छोटे-बड़े वाहनों के लिए पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं है।
लोग अक्सर अपने वाहन पटरियों पर खड़ा कर बाजार में अपने काम निपटाने चले जाते हैं। ये वाहन घंटों तक एक ही जगह खड़े रहते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है।
जाम से सबसे अधिक परेशानी स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं और इलाज के लिए अस्पताल जाने वाले मरीजों को होती है। इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी अतुल प्रजापति ने कहा कि चौराहे पर हुए अतिक्रमण हटाया जाएगा। वहीं बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।