शहाबगंज। क्षेत्र के तियरा गांव स्थित महारथपुर में रविवार को जय बजरंग स्पोर्टिंग क्लब की ओर से एक दिवसीय जनपद स्तरीय वॉलीबाॅल प्रतियोगिता हुई। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच रामगढ़ की टीम ने जीता। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि खेल से जीवन में अनुशासन आता है। यह बैठने, बात करने, चलने आदि का तरीका सिखाता है। मानव जीवन खेल के बिना बहुत उबाऊ लगता है। खेल सभी कोशिकाओं को सक्रिय कर शरीर को फिट और स्लिम रखते हैं। अभिभावकों को अपने बच्चों को खेल खेलने के लिए प्रेरित करना चाहिए। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच मूसाखाड़ व रामगढ़ बिहार की टीम के बीच खेला गया। इसमें रामगढ़ की टीम ने मूसाखाड को पराजित किया। इसके अलावा दूर दराज के गांवों से आई करीब दो दर्जन टीमों के बीच देर रात तक मैच होते रहे। इस मौके पर श्याम जी सिंह, उदय प्रताप सिंह, राजेश सिंह उर्फ मुन्नू, बनारसी सिंह, बाबिल सिंह, कुलदीप सिंह, नंदभुवन पांडेय, शिवपूजन राम, लवकुश, सुजीत मौर्य आदि रहे।