चंदौली। मतदाता दिवस पर भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जिले के स्वीप आईकॉन राकेश यादव रोशन को
बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिसेज अवार्ड 2021 सम्मानित किया जाएगा। रविवार को प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने डीएम को पत्र भेजकर जानकारी दी है।
मूल रूप से चहनियां के मारूफपुर निवासी राकेश यादव रौशन जिले में मतदाता जागरूकता अभियान के ब्रांड अम्बेसडर (स्वीप आईकॉन) हैं। राकेश बीएचयू से पत्रकारिता एवं जनसंचार में परास्नातक और विविध भारती वाराणसी के पूर्व उदघोषक रह चुके हैं। वर्ष 2016 में इन्हें भारत निर्वाचन की ओर से स्वीप आईकॉन (पीडब्ल्यूडी) नामित किया गया था। इनके प्रयासों से जिले में वर्ष 2017 के विधान सभा चुनाव में 3.1 प्रतिशत और 2019 के लोकसभा चुनाव में 3.81 प्रतिशत मतदान में वृद्धि हुई। इसके लिए राकेश को पूर्व में भी दो बार लख़नऊ में राज्यपाल पुरस्कृत कर चुके हैं। यह पुरस्कार मिलने के बाद चार राजकीय पुरस्कारों से पुरस्कृत होने वाले राकेश रौशन जिले के पहले व्यक्ति होंगे।