पीडीडीयू नगर। कोरोना संक्रमण के चलते लगातार दस दिनों की बंदी के बाद मंगलवार को नगर के दाहिने तरफ की दुकानें खुली। जबकि गलियों में दोनों तरफ के दुुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलकर बैठे रहे। दुकानों के खुलते ही बाजार में रौनक लौट आई। इस दौरान सबसे अधिक भीड़ दवा और किराने की दुकान पर लगी रही। शेष दुकानों पर ग्राहकों की संख्या काफी कम रही।
नगर में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ ही जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने 23 जुलाई तक संपूर्ण बंदी की घोषणा की थी। इसके बाद उन्होंने इसे 25 जुलाई तक बढ़ा दिया। सोमवार को दिनभर जिलाधिकारी का आदेश नहीं आने कारण दुकानें बंद रहीं। इसके चलते लगातार दस दिनों तक दुकानें नहीं खुली। बाजार में दिनभर चहल पहल काफी कम रहती थी। लेकिन मंगलवार की सुबह दुकानें खुलते ही बाजार में चहल पहल बढ़ गई। सड़कों पर ऑटो, ई- रिक्शा से लेकर प्राइवेट वाहनों लोग आते जाते दिखाई दिए। आदेश के बाद जीटी रोड पर दाहिनी पटरी की दुकानें खुली रही। वहीं दिन में बायीं तरफ भी कुछ लोगों ने दुकानें खोली जिसे पुलिस ने बंद करा दिया। वहीं नगर के अंदर के बाजारों में दोनों तरफ दुकानें खुली रही। बाजार में सबसे अधिक भीड़ दवा व किराना की दुकानों पर रही।
पड़ाव। दस दिनों की संपूर्ण बंदी के बाद डीएम के नई गाइडलाइन के अनुुसार दुकानें खुली। पड़ाव चौराहा के साथ पड़ाव बहादुरपुर मार्ग पर दुकानों के खुलने से भीड़ दिखी। इससे सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ती भी दिखाई दी। भीड़ एकत्र न हो इसके लिए पुलिस लगातार गश्त करती रही।