सदर बीआरसी पर आयोजित बैठक में उपस्थित शिक्षक। स्रोत:-जागरूक पाठक
पीडीडीयू नगर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक बृहस्पतिवार को सदर बीआरसी पर ब्लॉक संयोजक मोहम्मद अकरम के नेतृत्व में हुई। इसमें शिक्षकों की समस्याओं पर चर्चा कर पुरानी पेंशन बहाली, टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने और पदोन्नति सहित छह प्रमुख मांगें उठाई गईं।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला संयोजक आनंद सिंह ने कहा कि एक अप्रैल 2005 या इसके बाद नियुक्त शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की जाए। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के क्रम में 2004 बैच के शिक्षकों को तत्काल पेंशन का लाभ देने की मांग की। साथ ही एक सितंबर 2025 के सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने के लिए केंद्र सरकार से कानून बनाने की मांग की। शिक्षकों ने कहा कि शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच एसटीएफ या अन्य एजेंसी से तभी कराई जाए, जब कोई शिकायत मिले।
10 वर्ष के बजाय प्रत्येक पांच वर्ष में पदोन्नति देने और 100 या 150 के निर्धारित मानक पर पुनर्विचार की मांग की गई। इसके अलावा अंतरजनपदीय स्थानांतरण से वंचित शिक्षकों को राहत देने और बेसिक शिक्षा विभाग में उपार्जित अवकाश की सुविधा लागू करने की मांग उठाई गई।