पीडीडीयू नगर। जिले में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां पूरी हो चुकी है। बृहस्पतिवार को शान से तिरंगा आसमान में फहराएगा। जिला मुख्यालय के साथ ही पीडीडीयू नगर के डीआरएम आफिस, रेलवे स्टेशन, नगर पालिका कार्यालय पर ध्वजारोहण की तैयारियां पूरी हो चुकी है। डीआरएम आफिस पर स्कूली छात्र सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसके पूर्व बुधवार को बाजार में तिरंगा की खूब बिक्री हुई।
पीडीडीयू नगर में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में सुबह आठ बजे डीआरएम राजेश गुप्ता झंडारोहण करेंगे। इसके बार डीआरएम आरपीएफ के प्लांटून का निरीक्षण करेंगे। इसी तरह आरपीएफ पोस्ट, जीआरपी कोतवाली के साथ ही रेलवे के विभिन्न कार्यालयों पर विभागाध्यक्ष ध्वजारोहण करेंगे। वहीं नगर के विभिन्न स्कूलों में ध्वजारोहण के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। नगर पालिका कार्यालय पर नगर पालिका अध्यक्ष ध्वजारोहण करेंगे। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रेलवे सुरक्षा बल ने डीआरएम आफिस परिसर में परेड का अभ्यास किया। वहीं रेलवे स्टेशन के साथ ही डीआरएम ऑफिस को तिरंगा रंग में सजाया गया है।
02. जिला मुख्यालय पर क्रास कंट्री रेस का होगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंदौली। स्वतंत्रता दिवस पर जिले में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान सुबह 7 बजे स्कूली बच्चों की ओर से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। यह जानकारी देते हुए जिला सूचना अधिकारी प्रवीण मालवीय ने देते हुए बताया कि साढ़े 7 बजे डीएम आवास से क्रास कंट्री दौड़ होगी। इसमें पुरुष के लिए 5 किमी और महिला के लिए 3 किमी दौड़ होगी। सुबह 8 बजे अभी सरकारी और गैर सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण, राष्ट्रगान व अन्य कार्यक्रम होंगे। सवा 8 बजे कलेक्ट्रेट व तहसील मुख्यालयों पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया जाएगा। सुबह 9 बजे सदर नगर पंचायत स्थित शहीद स्मारक पर जिलाधिकारी माल्यार्पण करेंगे। इसके साथ ही सैयदराजा और सकलडीहा रेलवे स्टेशन बरठी शहीद स्मारक पर उपजिलाधिकारी माल्यार्पण करेंगे। सुबह 9 जिला अस्पताल पर फल वितरण कार्यक्रम होगा। साढ़े 9 बजे धानापुर शहीद स्मारक पर ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके अलावा 10 बजे सरोवरों पर वृहद कार्यक्रम होगा। शाम 7 बजे नगर पालिका पीडीडीयू नगर में कवि सम्मेलन होगा। संवाद
03. हर ओर देशभक्ति की बयार, तिरंगे से सजा बाजार
नगर की लगी दुकानों से लोगों ने जमकर की तिरंगे की खरीदारी
चंदौली। स्वतंत्रता दिवस को लेकर हर ओर देशभक्ति की बयार बह रही है। बाजार तिरंगे रंग में रंग चुका है। बच्चे-बड़े सभी बाजार में तिरंगा खरीदते हुए नजर आ रहे हैं। सरकारी कार्यालय, स्कूल, सामाजिक, व्यापारिक संगठन भी हर घर तिरंगा अभियान में सहयोग कर रहे हैं। जिसके चलते तिरंगे की मांग बढ़ गई है। ऐसा लग रहा है कि नगर ही नहीं ग्रामीण अंचलों में भी देशभक्त की बयार बह रही है।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर बाजारों में तिरंगा झंडा, बैज, रिस्टबैंड, स्टीकर आदि दुकानों में सज गए हैं। प्रमुख स्थानों पर सड़क के किनारे दुकानें लग गई हैं। खरीदारी भी तेज हो गई है। खासतौर पर विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर बच्चों को हर दिन अभ्यास कराया जा रहा है। शहर के मठवाली गली से पुरानी बाजार सहित आदि स्थानों पर दुकानें भी सजी हैं। जहां लोग जमकर खरीदारी भी कर रहे हैं। पूरा नगर का सर्विस रोड तिरंगा में हो गया है। बूढ़े बच्चे जवान सभी अपने-अपने हिसाब से खरीदारी करने में पूरे दिन मशगूल रहे।