पीडीडीयू नगर। मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर महिला की मौत और ढाई वर्ष के बच्चे के चादर छीनने का वीडियो वायरल होने के बाद अब रेलवे ने बुजुर्ग और बीमार लोगों को यात्रा न करने की सलाह जारी की है। लगातार श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में श्रमिकों के मौत की घटनाओं के बाद रेलवे ने यह एहतियात भरे कदम उठाए हैं।
शुक्रवार को रेल मंत्रालय ने अपील जारी करते हुए बताया कि रेलवे देश भर में प्रतिदिन कई श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चला रहा है, ताकि प्रवासियों की अपने घरों को वापसी हो सके। कुछ ऐसे लोग भी श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में यात्रा कर रहे हैं जो पहले से बीमारियों से पीड़ित हैं। इनमें कोविड़-19 महामारी के दौरान उनके स्वास्थ्य को खतरा बढ़ जाता है। यात्रा के दौरान पूर्व ग्रसित बीमारियों से लोगों की मृत्यु होने के कुछ दुर्भाग्यपूर्ण मामले भी मिले हैं। ऐसे में पूर्व ग्रसित बीमारी जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, कर्करोग, कम प्रतिरक्षा) वाले व्यक्ति, गर्भवती महिलाएं, 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चे एवं 65 वर्ष से ऊपर के बुजुर्ग अपने स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए, जब तक अत्यंत आवश्यक ना हो रेल यात्रा करने से बचें।