पीडीडीयू रेलवे के अप डिर्पाचर यार्ड में ट्रेन से कटकर रेलकर्मी की मौत के बाद जुटी भीड़।
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय रेलवे जंक्शन के समीप अप डिपार्चर यार्ड में इंटर केबिन के पास शुक्रवार की दोपहर में मालगाड़ी की चपेट में आने से रेलकर्मी की मौत हो गई। रेलकर्मियों की सूचना पर पहुंची राजकीय रेलवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रेलकर्मी की मौत की सूचना मिलते ही मौके पर रेलकर्मियों की भीड़ जुट गई। वहीं मौत की सूचना पर परिवार वालों में कोहराम मच गया।
मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले के हरनौत इलाके के रहने वाले मनोज कुमार (46) डीजल शेड में एमसीएम के पद पर कार्यरत था। वह रेलवे के लोको कॉलोनी में क्वार्टर संख्या 327/के में परिवार के साथ रहता था। दोपहर में डेढ़ बजे वह किसी काम से इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी की तरफ जाने के लिए रेलवे लाइन क्रास कर रहा था। इंटर केबिन के समीप अप डिपार्चर यार्ड के एडिशन लाइन पर मालगाड़ी गुजर रही थी। मालगाड़ी के जाते ही वह रेलवे लाइन पार करने लगा तभी दूसरी मालगाड़ी आ गई और वह उसकी चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रूप से चोटिल हो गया। यह देख शोर मचाते हुए रेलकर्मी पहुंचे और स्टेशन मास्टर को सूचित किया। स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर पहुंचे चिकित्सक डॉक्टर रश्मी ने जांच पड़ताल की लेकिन रेलकर्मी की मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर आरपीएफ और जीआरपी की टीम भी पहुंच गई। आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं रेलकर्मी की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी सविता देवी, बेटे अभिषेक (26) और विकास (19) सहित परिवार के सदस्यों का रो रोकर हाल बेहाल हो गया।