पीडीडीयू नगर। चंदौली की जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए शासन के निर्देश पर गंगा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से करीब 31.95 करोड़ की कार्ययोजना को हाई स्टेट लेबल हाई पॉवर की अनुमति मिलने के बाद टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। आगामी 16 अप्रैल को टेंडर खोला जाएगा। इसके बाद स्वीकृति के लिए टेंडर नगर निगम के प्रमुख सचिव को भेजा जाएगा। वहां से अनुमति मिलने के बाद योजना पर कार्य आरंभ होंगे। विभागीय सूत्रों के अनुसार ये सारी प्रक्रिया पूरी होने और लोकसभा चुनाव के बाद ही योजना पर कार्य आरंभ होगा। इससे चंदौली नगर की जनता का शुद्ध पानी के लिए इंतजार कुछ बढ़ जाएगा।
दरअसल चंदौली नगर की चरमराई पेयजल व्यवस्था को सुधारने के लिए गंगा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने करीब 31.95 करोड़ से कार्य योजना बनाई है। योजना को स्टेट लेबल हाई पॉवर से अनुमति मिलने के साथ धन भी अवमुक्त कर दिया गया है। विभाग ने टेंडर भरने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। विभाग का दावा है कि आगामी दो माह में योजना से जुड़े कार्य आरंभ कर दिए जाएंगे। योजना के तहत नगर के 3769 घरों तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए लाल बहादुर शास्त्री नगर में 650 और आंबेडकर नगर में एक हजार किलो लीटर क्षमता की दो पानी की टंकियां बनाई जाएंगी। इन टंकियों में पानी चढ़ाने के लिए दो-दो ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। इन टंकियों के पानी को 53.32 किलोमीटर पाइप लाइन के जरिए घरों तक पहुंचाया जाएगा।
चंदौली नगर में घर-घर पानी पहुंचाने के लिए तैयार की गई कार्ययोजना को स्टेट लेबल हाई पॉवर को मंजूरी मिलने के बाद टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। नगर निगम के प्रमुख सचिव की स्वीकृति मिलने के बाद योजना से जुड़े कार्य आरंभ कर दिए जाएंगे। -
संतोष कुमार गुप्ता, सहायक अभियंता, गंगा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड