धान क्रय केंद्रों के संचालन में हो रही देरी और केंद्रों पर सुविधाएं नहीं होने से नाराज भाजपाजनों और किसानों ने गुरुवार को मुख्यालय पर पीसीएफ प्रबंधक का घेराव किया। केंद्रों को पूरी क्षमता से चलाए जाने की मांग करते हुए धान खरीद में शिथिलता बरते जाने पर कार्यालयों में तालाबंदी की चेतावनी भी दी।
किसानों और कार्यकर्ताओं संग पीसीएफ प्रबंधक कार्यालय पहुंचे भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने कहा कि पीसीएफ के जितने भी केंद्र खुले हैं, वहां धान खरीद की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। अधिकारी कह रहे हैं कि पंद्रह नवंबर के बाद किसान क्रय केंद्रों पर आएंगे। लेकिन पहले से तैयारी नहीं होगी तो पीक समय में किसानों को बेवजह परेशान किया जाएगा। किसान जब केंद्र पर पहुंचेंगे तो पता चलेगा कि बोरा ही नहीं है या खाते में पैसा नहीं आया है। विभाग को यह तैयारियां पहले से पूर्ण कर लेनी चाहिएं। कहा कि हिंगुतरगढ़, खुरुहुजा, सिंधीताली और बरहनी में क्रय केंद्र पहले से थे, लेकिन इस दफा क्रय केंद्र बंद पड़े हैं।
बबुरी से चंदौली के बीच कोई केंद्र नहीं है जहां किसान अपनी फसल बेच सकें। कहा कि शासन का निर्देश है कि एक नवंबर से क्रय केंद्र खोल दिए जाएं। लेकिन हालत यह है कि किसी केंद्र पर न तो बोरा है ना ही भार मशीन है। यही नहीं केंद्रों पर खरीद संबंधी बैनर भी नहीं लगे हैं। चेतावनी दी कि एक सप्ताह में खरीद शुुरू नहीं की गई तो संबंधितकार्यालयों में तालाबंदी की जाएगी। पीसीएफ प्रबंधक शशिकांत भारती ने शीघ्र ही खरीद प्रारंभ करने का आश्वासन दिया। इस दौरान राकेश सिंह, संदीप सिंह, हरीश सिंह, रामानुज यादव, ओमप्रकाश सिंह आदि रहे।