नियामताबाद के महेवा में तहसील के लिए भूमि का निरीक्षण करते भाजपा विधायक रमेश जायसवाल। स्रोत:-ज
नियामताबाद। क्षेत्र के ग्राम सभा महेवा में प्रस्तावित तहसील भवन निर्माण की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। प्रस्तावित तहसील भवन के लिए चिह्नित भूमि का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मुगलसराय के भाजपा विधायक रमेश जायसवाल ने एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना, एडीएम और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण स्थल का जायजा लिया और परियोजना की प्रगति को लेकर चर्चा की। प्रस्तावित तहसील भवन का निर्माण लगभग 12.5 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अधिग्रहित भूमि की स्थिति का आकलन करते हुए निर्माण से संबंधित विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने बताया कि पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर में अलग तहसील की मांग लंबे समय से की जा रही थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लोगों को राजस्व और प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर-दराज क्षेत्रों में जाना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों की अतिरिक्त परेशानी होती है। नई तहसील के निर्माण से नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर जनपद का एक प्रमुख केंद्र है और यहां तहसील बनने से बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि करीब 3.45 बीघा भूमि पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त तहसील भवन का निर्माण किया जाएगा। प्रस्तावित तहसील परिसर में प्रशासनिक भवन के साथ-साथ पार्किंग, वाहन स्टैंड, अभिलेख कक्ष और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा ताकि लोगों को एक ही परिसर में बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकें। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया जाएगा। वहीं क्षेत्रीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम बताया।