पीडीडीयू नगर। अलीनगर थानाक्षेत्र के मनोहरपुर गांव के समीप आभूषण व्यवसायी से हुई दुस्साहसिक लूट की घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस घटनास्थल से 30 किलोमीटर के दायरे में लगे 35 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी है लेकिन अब तक कोई ठोस कामयाबी नहीं मिली है। इस बड़ी वारदात का खुलासा न होने से पीड़ित व्यापारी के परिवार में गहरे डर का माहौल है। 28 मई की रात बाइक सवार तीन बेखौफ बदमाशों ने आभूषण व्यवसायी सुजीत कुमार को गोली मारकर गहनों से भरा बैग और नकदी लूट ली थी।गोली व्यवसायी के बाएं हाथ में लगी थी। इसी बीच मौके पर पहुंचे उनके बेटे और पिता ने बदमाशों से मुकाबला भी किया लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ पीडीडीयू नगर के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की कई टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया है। एसपी आकाश पटेल ने बताया कि आभूषण व्यापारी से हुई लूट की इस घटना को लेकर पुलिस टीमें लगातार दिन-रात काम कर रही हैं। घटनास्थल के आसपास के रूट और संदिग्धों की मॉनिटरिंग की जा रही है। जांच टीम को कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।