जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रशासन सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए परीक्षा फार्म ऑनलाइन करने की तैयारी में जुटा है। इसी सप्ताह आवेदन के लिए वेबसाइट सक्रिय होने की संभावना है। छात्रों का आवेदन समर्थ पोर्टल पर किया जाएगा।
परीक्षा नियंत्रक डाॅ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि इसी सप्ताह परीक्षा के लिए आवेदन ऑनलाइन जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। परीक्षा फार्म जमा करने के लिए 17 अक्तूबर से वेबसाइट सक्रिय होने की संभावना है। नवंबर के दूसरे सप्ताह से सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू कराने के तैयारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि समय से परीक्षा फॉर्म ऑनलाइन जमा कराएं, ताकि परीक्षा समय से शुरू हो सके। उन्होंने बताया कि बुधवार को परीक्षा समिति ने बैठक कर तैयारियों पर चर्चा की। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद परीक्षा कार्यक्रम जारी किए जाएंगे। परीक्षा समय से कराई जाएगी। महाविद्यालयों को पत्र जारी कर 10 नवंबर तक हर हाल में कोर्स खत्म करने के निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय की ओर परीक्षा तिथि की घोषणा के बाद महाविद्यालयों के छात्र भी परीक्षा में शामिल होने के बाबत आवेदन के लिए वेबसाइट शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।