सदर ब्लाक परिसर में धरना देते पीआरडी के जवान। े
मानदेय सहित विभिन्न मांगों को लेकर पीआरडी जवानों ने शनिवार को सदर ब्लॉक परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि सरकार जब तक हमारी मांगों को पूरा नहीं करती हम सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के बाध्य होंगे। 23 अक्टूबर को मुगलसराय से लखनऊ धरने में शामिल होने के लिए पीआरडी जवान रवाना होंगे।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि पीआरडी की स्थापना वर्ष 1948 में हुई थी, जिसके तहत गांव से लेकर जिला व प्रदेश स्तर पर जवानों को सुरक्षा का दायित्व सौंपा गया था। आपातकालीन स्थिति में पीआरडी जवानों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी से किया। सरकार कई विभागों के कर्मियों को नियमित करके सरकारी सुविधाएं देने का काम किया, लेकिन पीआरडी जवानों को प्रदेश सरकार ने सिर्फ आश्वासन दिया। हम सभी को अपने हक के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। जिलाध्यक्ष नंदलाल चौधरी ने कहा कि हम सभी पीआरडी जवान 23 अक्टूबर को मुगलसराय से लखनऊ के लिए कूच करेंगे।
\वहां 24 अक्टूबर को लखनऊ में मानदेय और कार्य अवधि 60 वर्ष सहित तमाम मांगों को लेकर प्रदेश स्तरीय धरना-प्रदर्शन में भारी संख्या में शामिल होकर विधानसभा का घेराव करेंगे। हम सभी अपनी मांगों को सरकार के समक्ष पुरजोर ढंग से रखने का काम करेंगे। इस अवसर मुख्य रूप से सूर्यदेव प्रसाद, राजन प्रसाद, फूलमती देवी, रेखा, सरोजा, मालती आदि उपस्थित रहीं। संचालन रामाश्रय पांडेय ने किया।