नौगढ़। तहसील परिसर में गोंड जाति समुदाय के लोगाें ने अनुसूचित जनजाति (एसटी) प्रमाण पत्र के लिए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में विशेषपुर, जयमोहनी, परासिया, लहुराडीह, मझगावां, नर्मदापुर, चमेरबाँध, चप्पेपुर सहित दस गांवों के लोग शामिल थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गोंड जाति को अनुसूचित जनजाति का दर्जा प्राप्त है। कई लोगों के जाति प्रमाण पत्र तहसील स्तर पर बनाए भी गए हैं। अब बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के प्रमाण पत्र नहीं बनाए जा रहे हैं। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी विकास मित्तल, थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार यादव मौके पर पहुंचे। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत सिंह और मंडल अध्यक्ष भगवानदास अग्रहरि ने प्रदर्शनकारियों से संवाद किया, लेकिन कोई ठोस समाधान न मिलने पर प्रदर्शन जारी रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर चकिया एसडीएम विनय कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को तहसील मीटिंग हॉल में बैठाकर करीब एक घंटे तक उनकी समस्याएं सुनीं। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि जिनके पास 1359 फसली अभिलेख या पूर्व में बना जाति प्रमाण पत्र है, उन्हें प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। इस दाैरान लक्ष्मी, फूलमती, संतरा, घनश्याम, कृषकुमार, मोतीराम, प्रेमनाथ, शिवप्रसाद उपस्थित रहे। संवाद