पीडीडीयू नगर। राष्ट्रीय लोकदल की नगर के खोवा मंडी स्थित कार्यालय पर बैठक हुई। इसमें नगर पालिका की ओर से लागू किए गए नए यूजर टैक्स का विरोध किया गया। चेतावनी दी कि यदि टैक्स को वापस नहीं लिया गया तो इसका आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में भावगत नारायन चौरसिया ने कहा कि 23 दिसंबर को नगर पालिका की बैठक में प्रस्ताव पास कर नगरवासियों पर यूजर टैक्स लगाने की व्यवस्था की गई है। यूजर टैक्स प्रतिमाह की दर से वसूली की जाएगी। इसके लिए निजी संस्था की ओर से सर्वे कराया जाएगा। सर्वे करने वाले लोगों से नाम और मोबाइल नंबर ले रहे हैं। पूछने पर बताया जा रहा है कि लोगों को कूड़ा रखने के लिए डिब्बा दिया जाएगा। कहा कि नए नियम के तहत पटरी दुकानदारों, ठेला, खोमचा वालों से बीस रुपये, आवासीय भवन, दुकानों से 30 रुपये, क्लीनिक, कोचिंग संचालक, कॉलेज से 250 रुपये, जलपान गृह, रेस्टूरेंट, मीट, मछली, मुर्गे की दुकानों से 300 रुपये, फैक्टरी, सरकारी संस्थानों, बड़े होटलों और रेस्टूरेंटों से एक हजार रुपये प्रति माह लिया जाएगा। कहा कि एक तरफ कोरोना में लोगों की कमाई कम हो गई, वहीं अब यूजर टैक्स का बोझ लाद दिया गया है। बैठक में समरनाथ सिंह, महेन्द्र यादव, बनारसी चौहान, शिव कुमार पटेल, ताज मुहम्मद, कमला, विमला देवी, प्रभुनरायन, नंदलाल,रोहन गुप्ता रहे।