इलिया गांव में डीह बाबा के समीप भूमि से कब्जा हटाने के दौरान अधिकारियों से उलझते ग्रामीण। संवाद
इलिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित डीह बाबा मंदिर के समीप ग्राम सभा की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर दीवार बनाने के मामले ने मंगलवार को तूल पकड़ लिया। ग्राम प्रधान सुरेंद्र गुप्ता की सूचना पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग की ओर से ग्राम सभा की बंजर भूमि का सीमांकन कराने के बाद जेसीबी से वहां बनी दीवार को ढ़हाने का प्रयास किया गया लेकिन ग्रामीणों ने विरोध कर ऐसा करने से उन्हें रोक दिया। मामला पुलिस तक भी पहुंचा लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका। राजस्व विभाग की ओर से 0.0820 हेक्टेयर ग्रामसभा की बंजर भूमि का सीमांकन किया गया। कानूनगो जितेंद्र सिंह व लेखपाल दिनेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर सीमांकन की कार्रवाई पूरी की।
बताया कि ग्राम सभा की ओर से भूमि पर बोर्ड लगाने के बावजूद गांव के कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जा कर दीवार बना ली है। सीमांकन के बाद अवैध रूप से बनाई गई दीवार को ढहाने के लिए जेसीबी मशीन बुलाई गई। जैसे ही जेसीबी से दीवार गिराने की प्रक्रिया शुरू की गई, उसी दौरान पास में रहने वाले कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। कुछ ही देर में माहौल तनावपूर्ण हो गया और हंगामे की स्थिति बन गई। स्थिति बिगड़ती देख राजस्व विभाग ने दीवार गिराने की कार्रवाई रोक दी और कानूनी प्रक्रिया के तहत मामले को अगली तिथि तक स्थगित कर दिया। हंगामे के बाद ग्राम प्रधान और विपक्षी ग्रामीण आमने-सामने आ गए। इसके बाद मामला पुलिस चौकी तक पहुंच गया। पुलिस चौकी पर दोनों पक्षों के बीच देर तक आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा लेकिन घंटों बाद भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा जा सका। दोनों पक्षों में बढ़ते विवाद को देखते हुए कानूनगो जितेंद्र सिंह ने अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई को अगली तिथि तक टाल दी। इस संबंध में कानूनगो जितेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए फिलहाल कार्रवाई रोक दी गई है। शीघ्र समस्या का समाधान निकाल लिया जाएगा।