ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से आए निवेश प्रस्ताव अब धरातल पर उतर रहे हैं। जिले में स्थापित 80 औद्योगिक इकाइयों ने उत्पादन शुरू कर दिया है। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र (डीआईसी) के अनुसार 1734 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित इन 80 इकाइयों में उत्पादन शुरू होने के साथ ही 5,238 युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है।
इसके अलावा करीब 10 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। डीआईसी के उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के तहत जिले में प्राप्त निवेश प्रस्तावों में 104 परियोजनाओं को ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) के लिए चयनित किया गया था।
इनमें से 80 इकाइयां संचालित हो चुकी हैं, जबकि 20 परियोजनाओं पर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। शेष चार परियोजनाओं की औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और जल्द ही उनका निर्माण कार्य भी शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि सभी 104 परियोजनाओं के पूर्ण रूप से संचालित होने पर जिले में लगभग 13,822 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। इससे मिर्जापुर पूर्वांचल के एक महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर सकता है।