अलीनगर थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव के प्रधान के साथ पुलिस द्वारा मारपीट किये जाने से नाराज प्रधान संघ ने सोमवार को थाने में धरने पर बैठ गये और आरोपी सिपाही को बर्खाश्त करने की मांग पर अड़ गये। मौके पर पहुंचे सीओ के समझाने व कार्रवाई किये जाने के आश्वासन पर मामला शांत हुआ ।
प्रधानों के अनुसार रविवार की देर शाम अलीनगर से एक 18 वर्षीया लड़की घर से नाराज होकर जलालपुर गांव पहुंच गयी। इसकी जानकारी गांव के एक व्यक्ति ने 100 नंबर पर फोन कर दी। थोड़ी देर बाद पहुंची पुलिस ने लड़की को थाने ले जाने की जिद करने लगी। प्रधान कमलेश यादव ने लड़की को अपने घर रखने के बाद सुबह थाने ले जाने की बात की। लेकिन पुलिस के न मानने पर प्रधान ने गांव की दो महिलाओं को भी उसके साथ थाने भेज दिया।यह काम पुलिस वालों को नागवार गुजरा और प्रधान को भी थाने बुलवा लिया । आरोप है कि प्रधान के थाने पहुंचते ही पुलिस वाले मारपीट कर थाने पर बैठा दिया। जैसे ही यह खबर सुबह प्रधान संघ सकलडीहा व ग्रामीणों को लगी आग बबुला हो उठे और सैकड़ों की संख्या में थाने पर पहुंचकर धरने पर बैठ गये। आरोपी सिपाहियों को बर्खाश्त करने की मांग करने लगे। बाद में थाने पहुंचे सीओ प्रमोद यादव ने आरोपित सिपाहियों पर कार्यवाई करने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। इस दौरान राजाराम सोनकर,सेक्टर प्रभारी श्रवण यादव, ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष सकलडीहा अशोक यादव, उपाध्यक्ष रामविलास यादव, लालदेव यादव, दशरथ यादव, श्यामबिहारी, राकेश, चकरू आदि मौजूद रहे ।