धीना के गोरखा प्राथमिक विद्यालय का बंद शौचालय। संवाद
धीना। बरहनी ब्लॉक के भैसउर ग्राम पंचायत के गोरखा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में बना शौचालय छह माह से बंद है। इस विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र–छात्राओं ही नहीं अध्यापकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
शौचालय बंद होने से बच्चों को मजबूरन खुले में जाना पड़ता है। यह स्वच्छता और स्वास्थ्य दोनों के लिए खतरा है। ग्रामीणों ने बताया कि शौचालय का निर्माण, तो करा दिया गया, लेकिन जमीन नीचे से फूल जाने के कारण दरवाजा जाम हो गया है, इससे वह खुल नहीं पाता।
समय पर सफाई, पानी की व्यवस्था और आवश्यक मरम्मत न होने से शौचालय निष्प्रयोज्य है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
विद्यालय के शिक्षकों ने भी बताया कि शौचालय बंद होने से बच्चियों को सबसे अधिक असुविधा होती है।
गांव के मदन लाल, अरविंद, पप्पू, रामप्रवेश आदि ने शिक्षा विभाग और ग्राम पंचायत से मांग की कि शौचालय की तत्काल मरम्मत कराकर पानी व सफाई की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों की सेहत और स्वच्छता पर खतरा न बने।
खंड शिक्षा अधिकारी अजीत पाल ने बताया कि विद्यालय प्रशासन की ओर से सूचना मिलने पर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।