जिले के पांचों तहसीलों पर आयोजित तहसील दिवस में अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद प्रार्थना पत्रों का निस्तारण अत्यंत कम हुआ। पांचों तहसीलों में आए 247 प्रार्थना पत्रों में मात्र आठ का निस्तारण किया गया। चकिया में अचानक कमिश्नर और डीआईजी के पहुुंचने से अधिकारियों में खलबली मच गई। वहीं सकलडीहा में अनुपस्थित चार अधिकारियों का वेतन रोका गया।
मुगलसराय तहसील में एसडीएम सत्येन्द्र सिंह की मौजूदगी में आयोजित तहसील दिवस में कुल 23 प्रार्थना पत्र आए। इसमें मात्र एक का निस्तारण हुआ। इस मौके पर तहसीलदार सुनील श्रीवास्तव, सीओ प्रमोद यादव आदि मौजूद रहे।
चकिया संवाददाता के अनुसार तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में मण्डलायुक्त नितिन गोकर्ण तथा डीआईजी विजय भूषण पहंुचे। दोनो अधिकारियों ने फरियादियों के प्रार्थना पत्रो का अवलोकन किया तथा तहसील दिवस में आये प्रार्थना पत्रो का एक सप्ताह के अन्दर निस्तारण करने के निर्देेश दिए।
तहसील दिवस में पेयजल, सिंचाई, बिजली, राजस्व से संबंधित मुद्दों की भरमार रही। तहसील दिवस में प्राप्त 16 प्रार्थना पत्रो में से एक मात्र का ही मौके पर निस्तारण किया गया। इस अवसर पर एसडीएम जवाहर लाल श्रीवास्तव, एडीशनल एसपी रामजी यादव, बिजली विभाग के एक्सईएन रामकुमार, रेंजर रविशंकर शुक्ला, बीडीओ श्रवण कुमार राय आदि रहे।
सकलडीहा संवाददाता के अनुसार तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में जनपदस्तरीय अधिकारी घंटों लेट पहुंचे। कुल 69 प्रार्थना पत्र में मौके पर सिर्फ एक का निस्तारण हो सका। मंगलवार को जिलाधिकारी कुमार प्रशांत की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया, लेकिन डीएम, एसपी व सीडीओ एक घंटा देर से पहुंचे। इस दौरान कुल 69 प्रार्थना पत्र पड़े, जिसमें से मौके पर एक का निस्तारण हुआ। इस दौरान डीएम ने अनुपस्थित चार अधिकारियों के वेतन रोकने का निर्देश दिया। तहसील दिवस में डीएम कुमार प्रशांत,एसपी दीपिका तिवारी,एसडीएम जितेन्द्र कुशवाहा,तहसीलदार नारायण सिंह,सीओ चिंरजीवी मुखर्जी आदि रहे। चंदौली में एसडीएम की मौजूदगी में 77 प्रार्थनापत्रों में चार प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया।वहीं नौगढ़ संवाददाता के अनुसार एसडीएम जियालाल के नेतृत्व में आयोजित तहसील दिवस में 52 प्रार्थना पत्रों में एक का निस्तारण हुआ।