चक्का जाम कर रहे लोगों को समझाती पुलिस।
चकिया-मुगलसराय मार्ग पर बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरमरवा गांव के समीप बुधवार की रात जीप से गिरकर खलासी राकेश (39) की मौत हो गई। ग्रामीणों ने मुआवजा देने और चालक पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर नौगढ़ मूसाखांड़ मार्ग पर सुबह नौ बजे जाम लगा दिया। चकिया और रामपुर चौकी इंचार्ज ने समझा बुझाकर एक घंटे में जाम खत्म कराया।
स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के पीतपुर गरला गांव निवासी रामजी का पुत्र राकेश कोतवाली क्षेत्र के मूसाखांड़ (मलहर) गांव निवासी गाड़ी मालिक मूसे यादव जो खुद ही अपनी जीप चलाते हैं, उनके साथ बुधवार की शाम सवारी लेकर मुगलसराय जा रहा था। उसी दौरान चोरमरवा गांव के पास सामने से केला लादकर आ रही पिकअप वाहन से टक्कर हो गयी। जिससे जीप के पिछले हिस्से के दरवाजे पर बैठा खलासी राकेश सड़क पर गिर गया। इस घटना में राकेश के सिर में गंभीर चोट आयी और इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इधर गाडी चला रहा ड्राइवर मूसे मौके से गाड़ी लेकर भाग गया। बबुरी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। राकेश की मौत की खबर गांव में पहुंचते ही शोक का माहौल हो गया। गुरुवार की सुबह मृत खलासी का शव गांव में पहुंचा तो मुआवजा को लेकर ग्रामीणों के साथ परिवार वालों ने नौगढ़ मुसाखांड़ मार्ग पर सुबह नौ बजे चक्काजाम कर दिया। सूचना पाकर पर मौके पर पहुंचे रामपुर चौकी इंचार्ज विनय तिवारी और चकिया चौकी इंचार्ज माधव सिंह ने ड्राइवर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने और मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर चक्का जाम समाप्त कराया। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।