िला पंचायत अध्यक्ष सरिता सिंह और उनके पति पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह
पंचायत सशक्तिकरण अभियान के तहत केंद्र द्वारा प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त जिला पंचायत अध्यक्ष चंदौली को सम्मानित किया जाएगा। प्रधानमंत्री 24 अप्रैल को जमशेदपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता सिंह को पुरस्कृत करेंगे। इसके तहत प्रशस्तिपत्र और विकास कार्य हेतु पचास लाख रुपये दिए जाएंगे। जिला पंचायत को यह सम्मान वर्ष 2014-15 में कराए गए विकास कार्यों पर दिया जा रहा है।
जिला पंचायत चंदौली की ओर से वर्ष 2014-15 में जिले के विकास हेतु विभिन्न मदों से 28 करोड़ रुपये खर्च किए गए। तत्कालीन जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह के नेतृत्व में जिला पंचायत सदस्यों ने उस दौरान सीसी रोड, ड्रेन, ग्राम पंचायत सचिवालय, आंगनबाड़ी केंद्र, यात्री शेड, सामुदायिक हाल, सिंचाई हेतु नाली, सीवर, तालाबों का सुुंदरीकरण, विद्यालयों की बाउंड्रीवाल निर्माण आदि का कार्य किया था। उत्तर प्रदेश पंचायत सशक्तिकरण अभियान के तहत प्रदेश में चंदौली को प्रथम स्थान दिया गया।
इसी पर केंद्र ने जिला पंचायत चंदौली को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया है। इस बाबत पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह का कहना है कि प्रधानमंत्री से सम्मान मिलना गर्व की बात है। जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता सिंह कहती है कि इस दौरान जो पचास लाख रुपये मिलेंगे उसे पेयजल समस्या पर खर्च किया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर हैंडपंप लगाए जाएंगे।