चंदौली। जिले के सांसद और तीन विधायकों के सहयोग से जल्द ही ऑक्सीजन प्लांट शुरू हो जाएगा। जानकारी के मुताबिक दो-तीन दिनों के अंदर मशीनें पहुंच जाएंगी। यही नहीं पाइपलाइन के जरिए ऑक्सीजन अस्पताल में मरीज के बेड तक पहुंचेगी। इसके लिए पहले ही इन जनप्रतिनिधियों ने अपनी निधि से धनराशि उपलब्ध करा दी है। जिले के संचालित सभी सात ऑक्सीजन प्लांटों में रोजाना 4500 सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही है।यहां से गैर जनपदों में भी ऑक्सीजन सप्लाई होने के कारण जिले में ऑक्सीजन की डिमांड पूरी नहीं हो पा रही है। इसके लिए जिला अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी है। इसकी कमी को पूरा करने के लिए ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा दी गई है। धनराशि से जिला प्रशासन ऑक्सीजन प्लांट लगवाने की तैयारी में जुट गया है। इसके अंतर्गत जिला अस्पताल, चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय, सीएचसी भोगवारा, नौगढ़ और धानापुर में प्लांट लगाए जाएंगे। अस्पतालों में मशीनें लगाई जाएंगी। यहां से पाइपलाइन के जरिए बेड तक ऑक्सीजन पहुंचेगी।ऐसे में सिलेंडर की जरूरत ही समाप्त हो जाएगी। इसकी तैयारी इन दिनों युद्ध स्तर पर चल रही है।जल्द ही इस पर अमल होने की कार्यवाही जिला प्रशासन की ओर से की जाएगी।