जिले में ईद का त्योहार गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। सुबह लोगों ने मसजिदों-ईदगाहों में जाकर नमाज पढ़ी जिसमें अल्लाह से देश और समाज की तरक्की और अमन की दुआ मांगी गई। इसके बाद एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। वहीं बाद में एक दूसरे के घर पहुंच कर ईद की सेवइयों सहित विविध पकवानों का आनंद लिया। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। इस दौरान ईदगाहों के पास मेले भी लगे। जिसमें काफी भीड़भाड़ रही। नमाज के वक्त मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। जिले के आला अधिकारी भी वहां मौजूद रहे।
नगर में शाहकुटी स्थित ईदगाह में नमाज को लेकर उत्साह का माहौल रहा। सुबह आठ बजे से ही नमाजियों की भीड़ जुटने लगी। साढ़े आठ बजे यहां हजारों लोगों ने एक साथ नमाज पढ़ी। ईदगाह में जगह कम पड़ने पर सड़क पर भी नमाज अदा की गई। इस दौरान यहां नगर विधायक बब्बन सिंह चौहान, चंद्रेश्वर जायसवाल, रामजी गुप्ता, कयामुद्दीन आदि मौजूद रहे। इस मौके पर यहां मेला लगा। इसमें बच्चों ने खूब लुत्फ लुठाया। जहां चाट, गोलगप्पा, चाउमिन, बर्फ गोला के लिए भीड़ रही, वहीं झूला झूलने के लिए बच्चों में होड़ रही। इसी तरह जीटी रोड स्थित जामा मस्जिद में नमाज के बाद विधायक के साथ, पूर्व प्रमुख बाबूलाल यादव सहित अन्य ने लोगों को मुबारकबाद दी।
इसी तरह इस्लामपुर मदरसा, अलीनगर जामा मस्जिद, कसाब महाल स्थित मीनारा मस्जिद में ईद की नमाज अदा की गई। नियामताबाद अंतर्गत गोधना, चंदरखा, रेमा, चंदाइत, पचोखर, हसनपुर, धपरी, कठौरी, लौंदा, गोपालपुर, मिल्कीपुर, शाहिदपुर, मन्नापुर आदि गांवों में नमाज अदा की गई। टांडाकला क्षेत्र में मारुफपुर, मझिलेपुर, नदेसर, तिरगांवा, नैढी, सढान, बडगांवा, नादी, निधौरा, सैफपुर,तारगांव, टांडाकला, मजिदहां, छपरा, रामगढ, दरियापुर, पड़ाव, दुलहीपुर, बबुरी, चकिया, शिकारगंज, शहाबगंज, इलिया, सकलडीहा, नई बाजार, धीना, धानापुर, सैयदराजा सहित पूरे जिले में ईद उत्साह पूर्वक मनाई गई।