पीडीडीयू नगर। तेज हवा चलने और बारिश के कारण बिजली आपूर्ति व्यवस्था शुक्रवार शाम से ध्वस्त है। खंभे और तार टूटने अथवा तार पर पेड़ गिरने के कारण 300 गांवों में दिनभर बिजली गुल रही। वहीं, पीडीडीयू नगर में बार-बार बिजली की कटौती होती रही। साथ ही फॉल्ट से भी आपूर्ति बंद रही। बारिश के बीच अंधेरे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पीडीडीयू नगर के सुभाष नगर में पेड़ गिरने से बिजली का तार टूट गया और इलाके में बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इसी तरह कूढ़े खुर्द गांव में रात में बिजली का तार टूटने से पूरे गांव में बिजली आपूर्ति बाधित रही। साहूपुरी में केबल बॉक्स जलने के कारण दोपहर दो बजे से शाम साढ़े तीन बजे तक पीडीडीयू नगर के साथ रेलवे कॉलोनियों में करीब डेढ़ घंटे बिजली आपूर्ति बंद रही। भोगावारा में सुबह बिजली के तीन पोल टूटकर गिर गए। इससे भोगावारा सहित आसपास के इलाकों में देर शाम तक बिजली गुल रही। इसी तरह चांदमारी गांव में तीन पेड़ बिजली के तार पर गिर गए। इससे पोल भी टूट गए और पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
सकलडीहा उपकेंद्र से जुड़े सौ से अधिक गांवों में शुक्रवार को सुबह गुल हुई बिजली शनिवार शाम तक बहाल नहीं हुई थी। इससे एक लाख उपभोक्ता परेशान हैं। सकलडीहा टाउन, सकलडीहा सेकेंड, नोनार, चहनिया और कमालपुर फीडर से सौ से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति होती है। एसडीओ सियाराम यादव ने बताया कि बारिश और आंधी के कारण कई जगह पेड़ टूटकर तार पर गिर गए थे। उन्हें हटाया जा रहा है।
ताराजीवनपुर क्षेत्र के भूपौली उपकेंद्र के बनौली फीडर से जुड़े 36 से ज्यादा गांवों में बिजली गुल रही। इस संबंध में भूपौली के जेई विकास यादव ने बताया कि लखमीपुर के पास 33 हजार वोल्ट का विद्युत पोल गिर जाने के कारण आपूर्ति बाधित हुई है। इसी तरह चकिया उपकेंद्र के सैदूपुर और मूसाखांड फीडर से 80 गांवों की बिजली 24 घंटे से ठप है।
बबुरी उपकेंद्र से जुड़े 90 गांवों की आपूर्ति शुक्रवार की शाम को ठप हुई थी, जो शनिवार तक बहाल नहीं हुई। अवर अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि तेज हवाओं और बारिश के कारण कई जगह फॉल्ट से आपूर्ति बाधित हुई है।
धीना क्षेत्र के अमड़ा उपकेंद्र के 10 फीडरों से आपूर्ति ठप है। अवर अभियंता अमड़ा जवाहर सिंह ने बताया कि 33 केवी की लाइन में खराबी आने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। कर्मचारी फॉल्ट तलाशकर मरम्मत कार्य में लगे हैं। हाईटेंशन लाइन में खराबी आने के कारण इलिया उपकेंद्र की बिजली शुक्रवार रात दो बजे बाधित हो गई थी। इससे 40 गांवों में आपूर्ति ठप है। शनिवार शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
कोट-
- चंदौली सहित पूरे पूर्वांचल में तीन दिनों से बारिश हो रही है। अगले दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। ज्यादातर जगहों पर बारिश भी जारी रहने की संभावना है। अतुल कुमार, राज्य मौसम प्रभारी